दुर्ग जिले में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में वैशाली नगर थाना पुलिस ने “कल्याण” और “राजधानी” नाम से चल रहे सट्टा खेल में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अंकों पर पैसे लगवाकर अवैध रूप से सट्टा संचालित कर रहा था और इसके लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया जा रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिली। इसी आधार पर दूसरे आरोपी की पहचान संतोष शर्मा उर्फ संतन (40) के रूप में की गई, जो हाउसिंग बोर्ड, कैलाश नगर, थाना जामुल क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसे 19 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
मौके पर पकड़ आरोपी
इस कार्रवाई की शुरुआत 17 अप्रैल को मिली एक गुप्त सूचना से हुई थी। सूचना में बताया गया था कि जवाहर नगर पुलिया के पास कुछ लोग मिलकर सट्टा खेल रहे हैं और अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी। इस दौरान एक आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से एक सैमसंग गैलेक्सी Z फ्लिप-6 मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल सट्टा संचालन में किया जा रहा था। जब्त मोबाइल की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
दुसरा आरोपी भी गिरफ्तार
इधर, एक अन्य कार्रवाई में पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने भी सट्टा खिलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। 18 अप्रैल को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गत्वा तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध सट्टा चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अविनाश ढीमर (28) के रूप में हुई है, जो शांतिपारा, पुरानी भिलाई का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से 5 सट्टा पर्चियां (पट्टी) और 4025 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ भी जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध सट्टा और जुआ गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।

