हादसा : पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, दो युवकों की मौत
भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसा सुबह तड़के हुआ, जिसमें सेक्टर-6 निवासी दीपक गुप्ता और कौशिक दास ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
कीर्तिमान डेस्क
23 Jul 2026, 02:28 PM
दुर्ग
छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेंट्रल भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू रोड पर तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गईएवेन्यू रोड पर किसी कारण से कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे सड़क किनारे मौजूद पेड़ से जा भिड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में दो युवकों की गई जान
इस भीषण दुर्घटना में भिलाई सेक्टर-6 निवासी 23 वर्षीय दीपक गुप्ता और 15 वर्षीय कौशिक दास की मौत हो गई। दोनों युवक हादसे के समय कार में सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिवार और परिचित अस्पताल पहुंच गए, जहां मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।
कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त कार कौन चला रहा था। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस ड्राइविंग सीट, वाहन की स्थिति और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सके। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।