Agra Train Accident: आगरा-झांसी रेलवे ट्रैक पर जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास कल देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। डाउन ट्रैक पर पैदल जा रहे रेलवे के जूनियर इंजीनियर मनोज सैनी पीछे से आ रही झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। ट्रेन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में मनोज सैनी के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्हें गंभीर अवस्था में रेलवे ट्रैक से निकालकर सैंया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
एसएन मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मनोज सैनी का उपचार शुरू किया, लेकिन अत्यधिक चोट लगने और खून बहने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। शाम करीब सात बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
इन्हें भी पढ़ें:- Agra Suitcase Murder: ट्रेन में सूटकेस से मिले मानव अंग, चेन्नई के किचन में छिपे मिले शव के अवशेष
ब्लॉक लेकर रेलवे ट्रैक पर कर रहे थे काम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनोज सैनी रेलवे के एफएमआई विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात थे। घटना के समय वह रेलवे ब्लॉक लेकर संबंधित कार्य कर रहे थे। मशीन से उतरने के बाद वह डाउन ट्रैक पर पैदल आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही झेलम एक्सप्रेस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि उन्हें ट्रेन के आने का समय रहते आभास नहीं हो सका।
टक्कर लगते ही रेलवे ट्रैक पर जा गिरे
झेलम एक्सप्रेस की टक्कर लगने के बाद मनोज सैनी उछलकर रेलवे ट्रैक पर गिर गए। ट्रेन उनके पैरों के ऊपर से गुजर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की नजर उन पर पड़ी तो तुरंत रेलवे अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद बचाव कार्य शुरू करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।चंदौसी के रहने वाले थे रेलवे जेई मनोज सैनी
आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि झेलम एक्सप्रेस की चपेट में आने से जूनियर इंजीनियर मनोज सैनी की मौत हुई है। मनोज सैनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के चंदौसी के रहने वाले थे, जबकि उनका विभागीय मुख्यालय आगरा में था। रेलवे प्रशासन घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रहा है।
और भी पढ़े:- दुर्ग स्टेशन हादसा : चलती ट्रेन पकड़ना पड़ा भारी, प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरकर एरिया मैनेजर की मौत