Raksha Bandhan Fashion: रक्षाबंधन के दिन महिलाएं सूट और साड़ी जैसे पारंपरिक परिधान पहनना पसंद करती हैं। कपड़ों के साथ सही चूड़ी, बिंदी और आभूषण का चुनाव पूरे लुक को खास बना देता है। अगर आपने राखी के लिए अपना आउटफिट तैयार कर लिया है, लेकिन चूड़ियों को लेकर असमंजस में हैं, तो रंग और डिजाइन के अनुसार सेट चुन सकती हैं। वेलवेट, कांच, मेटल और मल्टीकलर चूड़ियां त्योहार पर काफी खूबसूरत लगती हैं।
रेड वेलवेट चूड़ियों से पाएं आकर्षक लुक
लाल रंग का सूट या साड़ी पहन रही हैं तो रेड वेलवेट की प्लेन चूड़ियां अच्छा विकल्प हैं। इन्हें दोनों तरफ गोल्डन, मोती या जड़ाऊ कड़ों के साथ पहन सकती हैं। हैवी लुक के लिए ज्यादा चूड़ियां लगाएं, जबकि हल्के और सादगी भरे अंदाज के लिए कुछ चुनिंदा चूड़ियां पर्याप्त रहेंगी। यह सेट लाल, गोल्डन, क्रीम और हरे रंग के आउटफिट के साथ भी आसानी से जंच सकता है।

मेटल और गोल्डन बैंगल्स देंगे रॉयल अंदाज
साड़ी या सूट के रंग से मेल खाते मेटल बैंगल्स को गोल्डन कड़ों के साथ पहनने से हाथ खूबसूरत दिखाई देते हैं। लटकन, मोती, घुंघरू या जड़ाऊ डिजाइन वाले कड़े इस सेट की सुंदरता बढ़ा सकते हैं। यह स्टाइल सिल्क साड़ी, बनारसी साड़ी और हैवी वर्क वाले सूट के साथ विशेष रूप से अच्छा लगता है। कम चूड़ियों में भी यह डिजाइन हाथों को भरा हुआ और आकर्षक रूप देता है।
- इससे जुड़ी खबरें:- fashion : डेली वेयर से फंक्शन तक, झुमका डिजाइन हैं परफेक्ट चॉइस
मल्टीकलर चूड़ियां हर आउटफिट के साथ होंगी मैच
अगर आप ऐसी चूड़ियां चाहती हैं जिन्हें अलग-अलग रंगों के कपड़ों के साथ पहना जा सके, तो मल्टीकलर सेट चुनना बेहतर रहेगा। इन्हें कश्मीरी चूड़ियों, गोल्डन कड़ों या गोल्डन बूटी वाले बैंगल्स के साथ कैरी किया जा सकता है। यह डिजाइन प्रिंटेड सूट, रंग-बिरंगी साड़ी और लहंगे के साथ आसानी से मैच हो जाता है। सिंपल लुक के लिए पतली मल्टीकलर चूड़ियां और हैवी लुक के लिए चौड़े डिजाइनर कड़े चुन सकती हैं।

सावन और राखी पर खास लगेंगी
हरी चूड़ियां सावन और रक्षाबंधन के अवसर पर हरी चूड़ियां पहनना पारंपरिक और शुभ माना जाता है। हरे रंग की कांच या वेलवेट चूड़ियों को मोती, कुंदन अथवा गोल्डन कड़ों के साथ सजाया जा सकता है। ये चूड़ियां हरे, पीले, लाल, गुलाबी और सफेद रंग के परिधान के साथ बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं। यदि आपका आउटफिट सादा है, तो डिजाइनर कड़े जोड़कर चूड़ी सेट को थोड़ा हैवी लुक दिया जा सकता है।

डबल कलर और पतली चूड़ियों से बनाएं ट्रेंडी सेट
कुछ अलग पहनना चाहती हैं तो दो रंगों की चूड़ियों को मिलाकर अपना सेट तैयार कर सकती हैं। गुलाबी-हरा, पीला-लाल, नीला-गुलाबी और सफेद-लाल जैसे रंगों का मेल हाथों पर आकर्षक लगेगा। वहीं, भरा हुआ लुक पाने के लिए कई पतली चूड़ियां एक साथ पहन सकती हैं। सेट के दोनों तरफ घुंघरू, लटकन या डिजाइनर कड़े लगाकर इसे और स्टाइलिश बनाया जा सकता है।