Ambikapur Road Accident: अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर रविवार को हुए सड़क हादसे में वाड्रफनगर पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक रामगोपाल की मौत हो गई। चंदौरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आरक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के मुताबिक, आरक्षक रामगोपाल ने शनिवार रात पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त की ड्यूटी की थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे वे गश्त पूरी कर टीम के साथ वाड्रफनगर चौकी लौटे थे। इसके बाद वे विभागीय काम से प्रतापपुर के लिए रवाना हुए।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
प्रतापपुर में काम पूरा करने के बाद बाइक से वाड्रफनगर लौटते समय चंदौरा थाना क्षेत्र में यह हादसा हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हुए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही चंदौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जानकारी जुटाने के साथ ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैपुलिस विभाग में शोक की लहर
सहकर्मियों के मुताबिक, आरक्षक रामगोपाल अपने मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते थे। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के साथ उनका व्यवहार आत्मीय था। उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाती, वे उसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पूरा करते थे। उनके अचानक निधन की खबर से वाड्रफनगर चौकी का माहौल गमगीन है। साथी जवानों और अधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। रामगोपाल अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। ड्यूटी के दौरान एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी की इस तरह असमय मौत ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर दिया है।
