रतनपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सोम उर्फ रोशन निर्मलकर (20 वर्ष), निवासी महामायापारा, रतनपुर, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसके घर आने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
चाकू दिखाकर किया अपहरण, जंगल ले जाकर रची साजिश
पुलिस के मुताबिक, 24 जून 2026 को भेलवापारा कलमीटार निवासी एक युवक ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद था, तभी ईशान सारथी, सोम उर्फ रोशन निर्मलकर, निखिल रजक उर्फ एलियन और उनके अन्य साथियों ने चाकू अड़ाकर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर कोरबाभांवर जंगल ले गए, जहां पहले से बनाई गई साजिश के तहत उसे डराया-धमकाया गया।
गांजा मामले में फंसाने का डर दिखाकर मांगी 50 हजार की फिरौती
पीड़ित के अनुसार, जंगल में आरोपियों ने गांजा फैलाकर उसकी तस्वीरें खींचीं और फिर उसके परिवार को फोन कर यह कहलवाया कि वह गांजा मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। इसके बाद उसे छुड़ाने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की गई। आरोपियों ने परिजनों को झांसे में लेकर पैसे ऐंठने की पूरी योजना बनाई थी। हालांकि परिजनों को मामला संदिग्ध लगा और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल, एक की तलाश जारी
मामले की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और पहले ही दो आरोपी निखिल रजक उर्फ एलियन तथा ईशान सारथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान सोम उर्फ रोशन निर्मलकर की गिरफ्तारी हुई। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल फरार एक अन्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले की जांच जारी है।