Arang News: मेहनत और प्रतिभा के बल पर रीवां (लखौली) गांव की निकिता धीवर ने एक नई मिसाल पेश की है। हाल ही में दंतेवाड़ा में 18 से 21 सितंबर तक आयोजित 64वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में निकिता ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालिका कबड्डी वर्ग में रायपुर संभाग की टीम ने उनकी बदौलत कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता के दौरान निकिता के आक्रामक खेल और समझदारी भरी रणनीति ने मैदान में मौजूद सभी लोगों को प्रभावित किया।
नवंबर में गोरखपुर में खेलेंगी नेशनल गेम्स, छत्तीसगढ़ का करेंगी प्रतिनिधित्व
राज्य स्तर पर निकिता के लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (नेशनल स्कूल गेम्स) के लिए किया गया है। आने वाले नवंबर महीने में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर में यह राष्ट्रीय स्पर्धा आयोजित होने जा रही है। इस प्रतियोगिता में निकिता छत्तीसगढ़ राज्य की कबड्डी टीम का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरेंगी और प्रदेश का मान बढ़ाएंगी।

