Asian Games 2026: भारतीय दल को नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में विदाई दी गई। इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मौजूद रहे। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साह बढ़ाया।
समारोह के दौरान डॉ. मनसुख मांडविया ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा, खेल सचिव हरि रंजन राव और मिशन प्रमुख सहदेव यादव के साथ मिलकर भारतीय दल की आधिकारिक जर्सी का अनावरण किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी और सहायक कर्मचारी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को दिया दबाव से निपटने का मंत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने भारतीय एथलीटों से कहा कि वे दबाव को अपनी ताकत में बदलें। उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे विरोधियों को चुनौती नहीं बल्कि अवसर के रूप में देखें और इन अवसरों को अपनी मेहनत से उपलब्धियों में बदलें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में खेलों को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलों को लेकर विजन का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नए अवसर उपलब्ध कराए हैं।
503 सदस्यीय दल में 300 से ज्यादा खिलाड़ी पहली बार उतरेंगे
डॉ. मांडविया ने भारतीय खेलों में उभरती युवा प्रतिभाओं की सराहना करते हुए बताया कि एशियाई खेल 2026 के लिए भेजे जा रहे 503 सदस्यीय दल में 300 से अधिक खिलाड़ी पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे हैं। यह भारतीय खेल जगत में बढ़ती प्रतिभा और मजबूत होती खेल व्यवस्था को दर्शाता है। केंद्रीय मंत्री ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 13 स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि इस बार पदक संख्या में 35 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।2036 ओलंपिक की तैयारी पर सरकार का फोकस
डॉ. मांडविया ने कहा कि भारत का लक्ष्य वर्ष 2036 तक वैश्विक खेल मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाना है। उन्होंने बताया कि खेल सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए अगले दस वर्षों की योजना के तहत 36 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का प्रावधान किया गया है। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अनुसार एशियाई खेल 2026 का आयोजन जापान में किया जाएगा। भारतीय दल कई खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर देश के लिए पदक जीतने की कोशिश करेगा।
युवा खिलाड़ियों से बढ़ीं भारत की उम्मीदें
503 सदस्यीय भारतीय दल में खिलाड़ियों के साथ सहायक कर्मचारी भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में नए खिलाड़ियों के पदार्पण से इस बार भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं। यह दल देश की नई खेल प्रतिभा और भविष्य की संभावनाओं को भी दर्शाता है।