Balod News: बालोद जिले के राजहरा स्थित शासकीय आईटीआई में छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक पर छात्रों के साथ गाली-गलौज करने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। घटना विश्वकर्मा पूजा के दिन की बताई जा रही है, जब कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मिलकर भोजन तैयार कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को आईटीआई में कार्यक्रम के दौरान वेल्डर ट्रेड प्रथम वर्ष का छात्र गजेंद्र साहू पानी पीने के लिए कक्षा में गया था। छात्र राजहरा के लोडिंग क्वाटर पीपल झाड़ क्षेत्र का रहने वाला है। छात्र का आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक फनील साहू ने उसे काम छोड़कर घूमने की बात कहते हुए डांटना शुरू कर दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और शिक्षक ने कथित रूप से लोहे के बेलचे से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान छात्र के बाएं हाथ की कलाई के पास चोट लगने की बात सामने आई है।
परिजनों ने कॉलेज पहुंचकर किया विरोध
छात्रों और परिजनों ने कॉलेज परिसर पहुंचकर जमकर विरोध जताया। इस दौरान कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी भी जाहिर की गई। मामले की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया और मामले की जांच का आश्वासन दिया।
बचाव करने पहुंचे छात्रों से भी मारपीट का आरोप
छात्र गजेंद्र साहू के बचाव में पहुंचे अन्य विद्यार्थियों ने भी शिक्षक पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्रों के मुताबिक, नमन खोबरागड़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू के साथ भी कॉरिडोर में दौड़ाकर मारपीट की गई। घटना के बाद छात्रों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ दर्ज किया मामला
इसके बाद सभी पीड़ित छात्र अपने परिजनों के साथ राजहरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शिक्षक फनील साहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

