Best Electric Car Deals: दिवाली के मौके पर नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। त्योहार से पहले कई ऑटोमोबाइल कंपनियां अपनी इलेक्ट्रिक कारों पर आकर्षक ऑफर दे रही हैं। इनका फायदा उठाकर ग्राहक कार की खरीदारी पर लाखों रूपए तक बचा सकते हैं। ऑटोकार इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा मोटर्स, MG, किआ और हुंडई जैसी कंपनियां अपनी चुनिंदा इलेक्ट्रिक कारों पर कैश डिस्काउंट, Exchange Bonus, स्क्रैपेज बोनस और लॉयल्टी बेनिफिट दे रही हैं। कुछ मॉडल पर कॉर्पोरेट ऑफर भी शामिल हैं। हालांकि, सभी ग्राहकों को इन ऑफर्स का लाभ मिलना जरूरी नहीं है। कई छूट चुनिंदा वेरिएंट और पुराने स्टॉक पर लागू हैं।
Tata Curvv EV: 3.35 लाख रूपए तक की बचत
टाटा कर्व ईवी इस लिस्ट में सबसे ज्यादा डिस्काउंट पाने वाली कार है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 17.19 लाख से 19.69 लाख रूपए के बीच है। कंपनी इसके प्री-सीरीज X मॉडल पर 3.35 लाख रुपये तक के फायदे दे रही है। इस ऑफर में 3 लाख रुपये का कैश डिस्काउंट और 35,000 रूपए तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस शामिल है। वहीं, प्री-सीरीज X Creative वेरिएंट पर कुल लाभ 2.85 लाख रूपए तक है। सीरीज X वेरिएंट खरीदने पर 65,000 रूपए तक की बचत हो सकती है। इसमें 35,000 रूपए का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और 30,000 रूपए का लॉयल्टी इंसेंटिव शामिल है। बैटरी की बात करें तो कर्व ईवी में 45kWh और 55kWh के दो विकल्प मिलते हैं।
Tata Harrier EV: 2.75 लाख रूपए तक का फायदा
टाटा हैरियर ईवी पर भी दिवाली से पहले आकर्षक ऑफर मिल रहे हैं। इसकी कीमत 21.79 लाख से 29.29 लाख रूपए के बीच है। कंपनी के मुताबिक, Fearless+ और Empowered वेरिएंट पर 2.75 लाख रूपए तक के बेनिफिट दिए जा रहे हैं। इसमें 1 लाख रूपए का इंटरवेंशन ऑफर, 75,000 रूपए तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस और 1 लाख रूपए तक का लॉयल्टी इंसेंटिव शामिल है। Adventure वेरिएंट पर कुल फायदा 2.5 लाख रुपये तक है। वहीं, टॉप Empowered AWD Stealth 75 ACFC वेरिएंट पर 2.25 लाख रूपए तक के लाभ मिल रहे हैं। हैरियर ईवी में 65kWh और 75kWh बैटरी पैक का विकल्प दिया गया है। कंपनी के दावे के मुताबिक, इसका 75kWh RWD मॉडल 627 किलोमीटर और AWD मॉडल 622 किलोमीटर तक की रेंज देता है। वहीं, 65kWh वर्जन की क्लेम्ड रेंज 538 किलोमीटर है।MG ZS EV: 2.70 लाख रूपए तक के ऑफर
MG ZS EV खरीदने वालों को भी इस दिवाली अच्छा फायदा मिल सकता है। इसकी कीमत 17.99 लाख से 20.75 लाख रूपए के बीच है। कंपनी अलग-अलग वेरिएंट पर 1.8 लाख से 2.15 लाख रूपए तक का कैश डिस्काउंट दे रही है। Executive वेरिएंट पर 1.8 लाख रूपए, Executive Pro पर 1.85 लाख रूपए और Exclusive Plus व Essence वेरिएंट पर 2.15 लाख रूपए की छूट मिल रही है। इसके अलावा सभी वेरिएंट पर 20,000 रूपए का लॉयल्टी बोनस और 20,000 रूपए का कॉर्पोरेट डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। किसी मौजूदा MG कार मालिक के रेफरल से खरीदारी करने पर 15,000 रूपए का अतिरिक्त लाभ मिल सकता है। कंपनी 25,000 रूपए कीमत का चार्जर भी मुफ्त दे रही है। इन सभी लाभों को मिलाकर कुल फायदा 2.35 लाख से 2.70 लाख रूपए तक पहुंच सकता है।
Kia Carens Clavis EV: 75 हजार रूपए तक की छूट
किआ की इलेक्ट्रिक एमपीवी Carens Clavis EV पर भी त्योहार से पहले ऑफर मिल रहे हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 18.04 लाख से 25 लाख रूपए के बीच है। इस कार पर ग्राहकों को 75,000 रूपए तक का फायदा मिल सकता है। ऑफर में 20,000 रूपए का एक्सचेंज बोनस, 20,000 रूपए का लॉयल्टी बेनिफिट, 20,000 रूपए का स्क्रैपेज बोनस और 15,000 रूपए तक का कॉर्पोरेट डिस्काउंट शामिल है। हालांकि, इसमें एक्सचेंज और स्क्रैपेज बोनस दोनों का लाभ एक साथ नहीं लिया जा सकता। कंपनी इस मॉडल पर अलग से कैश डिस्काउंट नहीं दे रही है। Carens Clavis EV में 42kWh और 51.4kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं। इसकी क्लेम्ड रेंज 490 किलोमीटर तक है।Hyundai Creta Electric: 65 हजार रूपए तक का फायदा
हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक पर भी दिवाली से पहले 65,000 रूपए तक के ऑफर दिए जा रहे हैं। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की कीमत 18.03 लाख से 23.82 लाख रूपए के बीच है। Smart (O) Long Range HC और Excellence Long Range HC वेरिएंट पर अधिकतम 65,000 रूपए तक का लाभ मिल रहा है। वहीं, दूसरे वेरिएंट खरीदने पर 50,000 रूपए तक की बचत हो सकती है। इन ऑफर्स में कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस, बुकिंग बोनस और अपग्रेड बेनिफिट शामिल हैं। क्रेटा इलेक्ट्रिक में 42kWh और 51.4kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं।
Tata Nexon EV: 45 हजार रूपए तक की बचत
टाटा नेक्सॉन ईवी उन ग्राहकों के लिए एक विकल्प हो सकती है, जो अपेक्षाकृत कम कीमत में इलेक्ट्रिक एसयूवी खरीदना चाहते हैं। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 12.49 लाख से 17.89 लाख रूपए के बीच है। कंपनी इसके सभी वेरिएंट पर 45,000 रूपए तक का फायदा दे रही है। इसमें 10,000 रूपए का कैश डिस्काउंट और 35,000 रूपए तक का एक्सचेंज या स्क्रैपेज बोनस शामिल है। नेक्सॉन ईवी में 30kWh और 45kWh बैटरी पैक मिलते हैं। कंपनी के अनुसार, 45kWh मॉडल की ARAI सर्टिफाइड रेंज 489 किलोमीटर तक है, जबकि 30kWh वर्जन 275 किलोमीटर तक चल सकता है।कार खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
दिवाली के ऑफर्स देखकर कार खरीदने का फैसला करने से पहले संबंधित डीलरशिप से छूट की पूरी जानकारी जरूर लें। अलग-अलग शहरों, डीलरशिप और वेरिएंट के हिसाब से ऑफर में अंतर हो सकता है। साथ ही यह भी पता कर लें कि कैश डिस्काउंट, एक्सचेंज बोनस और स्क्रैपेज बेनिफिट में से कौन-कौन से ऑफर एक साथ मिल सकते हैं। पुराने स्टॉक पर मिलने वाली छूट की स्थिति भी स्पष्ट कर लें। इससे आपको कार की वास्तविक ऑन-रोड कीमत और मिलने वाले कुल फायदे का सही अंदाजा हो सकेगा।






