छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के लिए राहत भरी खबर है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की है। संशोधित दरें 1 जुलाई से लागू कर दी गई हैं। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
रायपुर में नई कीमत क्या होगी
नई दरों के लागू होने के बाद रायपुर में 19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 3,346 रुपये की जगह 3,163 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं, घरेलू 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत पहले की तरह ही बरकरार रहेगी।
इस साल पहली बार मिली राहत
साल 2026 के दौरान कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई थी। जनवरी में इसकी कीमत 1,892.50 रुपये थी। इसके बाद फरवरी, मार्च और अप्रैल में क्रमशः 49 रुपये, 144 रुपये और 215.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई। मई में सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जब सिलेंडर करीब 993.50 रुपये महंगा हो गया। जून में भी 52 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 3,346 रुपये से अधिक पहुंच गई थी। अब जुलाई की शुरुआत में कीमतों में कमी आने से कारोबारियों को कुछ राहत मिली है।
बस्तर और बिलासपुर में भी बदले दाम
नई दरों के अनुसार रायपुर में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 3,163 रुपये में मिलेगा। वहीं बस्तर में इसकी कीमत 3,047 रुपये और बिलासपुर में 3,210 रुपये निर्धारित की गई है। अलग-अलग शहरों में टैक्स और परिवहन लागत के आधार पर कीमतों में मामूली अंतर हो सकता है।





