केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने बुधवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। इस बार भी छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। राज्यभर से 34 हजार से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से करीब 28 हजार विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। रिजल्ट जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। कई स्कूलों में मिठाई बांटकर विद्यार्थियों की सफलता का जश्न मनाया गया।
रायपुर रीजन का रिजल्ट 80.88 फीसदी
सीबीएसई के जारी आंकड़ों के मुताबिक रायपुर रीजन का कुल रिजल्ट 80.88 प्रतिशत रहा। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिणाम में 4.32 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर रायपुर रीजन को 18वां स्थान मिला है। वहीं देशभर का औसत परिणाम 85.20 प्रतिशत रहा।
34 हजार से ज्यादा छात्रों ने दी परीक्षा
इस साल CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए छत्तीसगढ़ से कुल 34,187 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 33,987 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा परिणाम में 27,489 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। हर साल की तरह इस बार भी लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। परीक्षा में कुल 16,330 छात्राएं शामिल हुई थीं, जिनमें से 13,463 ने सफलता हासिल की। छात्राओं का पास प्रतिशत 82.44 फीसदी रहा। वहीं लड़कों की बात करें तो कुल 17,657 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 14,026 विद्यार्थी पास हुए। लड़कों का पास प्रतिशत 79.44 फीसदी दर्ज किया गया।
रिजल्ट देखने के लिए वेबसाइट पर बढ़ी भीड़
रिजल्ट जारी होते ही CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई विद्यार्थियों ने मोबाइल और लैपटॉप के जरिए अपना परिणाम देखा। छात्रों को रिजल्ट देखने के लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि की जरूरत पड़ी।
ऐसे देखें रिजल्ट
- CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
- “CBSE Class 12th Result” लिंक पर क्लिक करें
- रोल नंबर, स्कूल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें
- सबमिट करते ही स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा
- छात्र चाहें तो परिणाम डाउनलोड भी कर सकते हैं
सप्लीमेंट्री छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका
CBSE ने इस बार उन छात्रों को भी राहत दी है जो एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाए हैं। ऐसे विद्यार्थियों को सप्लीमेंट्री परीक्षा देने का मौका मिलेगा। इससे छात्रों का पूरा शैक्षणिक सत्र खराब नहीं होगा और उन्हें अपने परिणाम में सुधार करने का अवसर मिलेगा। बोर्ड जल्द ही कंपार्टमेंट परीक्षा का शेड्यूल जारी करेगा।
स्कूलों में जश्न, छात्रों के चेहरे खिले
रिजल्ट आने के बाद रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, महासमुंद और अन्य जिलों के कई स्कूलों में खुशी का माहौल देखने को मिला। अच्छे अंक लाने वाले विद्यार्थियों का स्कूल प्रबंधन ने सम्मान किया। अभिभावकों ने भी बच्चों की सफलता पर खुशी जताई और इसे मेहनत का परिणाम बताया।
