CG Athletics: महासमुंद जिले के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलने जा रहा है। नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक मीट में भाग लेने वाले जिला एथलेटिक्स दल के चयन के लिए 11 अक्टूबर को प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें 14 वर्ष और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। चयनित खिलाड़ियों को हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला एथलेटिक संघ के अनुसार, चयन प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से फॉरेस्ट ग्राउंड, बीटीआई रोड, महासमुंद में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य है। बिना ऑनलाइन पंजीयन के किसी भी खिलाड़ी को चयन प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इन स्पर्धाओं में दिखाना होगा दम
14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए ट्रेथलन ए, बी और सी की स्पर्धाएं निर्धारित की गई हैं। ट्रेथलन ए में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद शामिल हैं। ट्रेथलन बी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और बैक थ्रो होगा। वहीं, ट्रेथलन सी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और 600 मीटर दौड़ शामिल है। इसके अलावा भाला फेंक प्रतियोगिता भी निर्धारित है। 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 60 मीटर दौड़, 80 मीटर हर्डल्स, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और भाला फेंक की स्पर्धाएं होंगी। इस आयु वर्ग में पेंटाथलॉन भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें 60 मीटर दौड़, 80 मीटर हर्डल्स, ऊंची कूद, गोला फेंक और 600 मीटर दौड़ शामिल हैं।
खिलाड़ियों को साथ लाने होंगे जरूरी दस्तावेज
चयन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपना एक फोटो, आधार कार्ड की फोटोकॉपी और जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने से पहले ऑनलाइन पंजीयन पूरा करना होगा।यहां करें संपर्क
चयन प्रतियोगिता से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी चारुलता गजपाल से मोबाइल नंबर 9755505946 और रेखराम ध्रुव से मोबाइल नंबर 9399602860 पर संपर्क कर सकते हैं।
