Road Accident: जिले के बेलसोंडा क्षेत्र में सड़क पर बने गड्ढे के कारण हुए एक हादसे में 60 वर्षीय महिला की जान चली गई। इस मामले में पुलिस ने जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का अपराध दर्ज कर लिया है।
त्योहार मनाने निकलते वक्त हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मुढ़ेना निवासी मंगलिन निषाद (उम्र 60 वर्ष) और उनके पति कृपाराम निषाद के घर 12 अगस्त 2026 को मंगलिन के भाई दीनूराम निषाद मेहमान बनकर आए थे। अगले दिन यानी 13 अगस्त को दीनूराम ने त्योहार मनाने के लिए अपने घर बनरसी चलने की बात कही, जिस पर दोनों जाने के लिए तैयार हो गए। दीनूराम अपनी मोटरसाइकिल (CG 04 DP 3473) पर बहन मंगलिन बाई को पीछे बैठाकर आगे निकल गए। वहीं, कृपाराम निषाद की बाइक स्टार्ट होने में दिक्कत आने के कारण वे कुछ मिनट बाद पीछे से रवाना हुए।
गड्ढे में उछली बाइक, सिर में आई गंभीर चोट
जब कृपाराम बेलसोंडा मंडी के पास पहुंचे, तो वहां लोगों की भीड़ लगी थी। रुककर देखने पर पता चला कि उनकी पत्नी मंगलिन बाई सड़क पर गिरी पड़ी हैं और उनके सिर के पिछले हिस्से से खून बह रहा है। कृपाराम ने जब साले दीनूराम से घटना के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि सामने से आ रहे एक हाईवा ट्रक को साइड देते समय बाइक सड़क के गड्ढे में उछल गई, जिससे संतुलन बिगड़ा और मंगलिन बाई नीचे गिर पड़ीं।रायपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल मंगलिन निषाद को तत्काल इलाज के लिए घड़ी चौक, रायपुर स्थित डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, 13 अगस्त की रात करीब 11:45 बजे इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर सिर की गंभीर चोट (हेड इंजरी / इंट्रापैरेंकाइमल हेमरेज) को मौत का कारण बताया।
पुलिस की कार्रवाई
इस घटना को लेकर पहले रायपुर के गोलबाजार थाना में शून्य पर मर्ग कायम किया गया था, जिसकी डायरी बाद में असल नंबर (मर्ग क्रमांक 181/2026, धारा 194 BNSS) के लिए सिटी कोतवाली महासमुंद पहुंची। मृतका के पति कृपाराम निषाद, पंचों देवलाल निषाद और दिलीप निषाद के बयान तथा पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने माना कि बाइक चालक दीनूराम निषाद ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए गड्ढे में उछाला, जिससे यह हादसा हुआ। इसी आधार पर सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस ने आरोपी चालक दीनूराम निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(a) और 106(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।












