CG Liquor News: भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार में भी दिखाई देने लगा है। स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क में कटौती के बाद प्रदेश में कई प्रीमियम विदेशी शराब ब्रांडों की कीमतों में कमी आई है। आबकारी विभाग ने 33 विदेशी शराब ब्रांडों की नई दरों को मंजूरी देते हुए सूची जारी कर दी है। इसमें जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट और ग्लेनलिवेट जैसे चर्चित ब्रांड शामिल हैं। नई दरों के मुताबिक, कुछ ब्रांडों की कीमतों में हजारों रुपये तक की कमी दर्ज की गई है। खास तौर पर जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपए की गिरावट आई है। इससे प्रीमियम स्कॉच व्हिस्की के शौकीनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
33 विदेशी ब्रांडों की कीमतों में बदलाव
छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाले 33 प्रीमियम शराब ब्रांडों की संशोधित दरों को प्रशासनिक मंजूरी दी है। नई सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे नाम शामिल हैं। जारी दरों के अनुसार, जॉनी वॉकर 18 ईयर की लैंडिंग कीमत 42,480 रुपए निर्धारित की गई है, जबकि जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की कीमत 92,939 रुपए तय हुई है। वहीं रॉयल सैल्यूट 21 ईयर की लैंडिंग कीमत 64,079 रुपए रखी गई है। सिंगलटन 12 ईयर के एक केस की कीमत में भी 2,817 रुपए तक की कमी आई है।
भारत-ब्रिटेन FTA से कैसे मिला फायदा
भारत और ब्रिटेन के बीच लंबे समय तक चली बातचीत के बाद मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस समझौते के तहत दोनों देशों के बीच कई उत्पादों के आयात-निर्यात पर लगने वाले शुल्क में कटौती का प्रावधान है। इसी कड़ी में स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किया गया है। इसका असर अब भारतीय बाजार के साथ छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है।
क्या सरकारी दुकानों पर भी कम होंगे दाम
आबकारी विभाग की ओर से नई दरें जारी होने के बाद अब ग्राहकों की नजरें शराब दुकानों पर मिलने वाली कीमतों पर हैं। हालांकि, आयात शुल्क में कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचेगा या नहीं, यह राज्य सरकार की खुदरा मूल्य निर्धारण व्यवस्था पर निर्भर करेगा। ऐसे में नई सूची के बाद विदेशी शराब की वास्तविक बिक्री कीमतों में कितनी कमी आती है, यह देखना अहम होगा।











