CM Singapore Visit: छत्तीसगढ़ को औद्योगिक और आर्थिक रूप से नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर दौरे पर हैं। राज्य में विदेशी निवेश की राह आसान करने और नए उद्योगों की नींव रखने के लिए सीएम खुद कमान संभाले हुए हैं। सिंगापुर पहुंचने पर वहां के भारतीय उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
SING फोरम 2026 में पार्टनर स्टेट बना छत्तीसगढ़
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित पहले 'SING फोरम 2026' में छत्तीसगढ़ को सहभागी राज्य (पार्टनर स्टेट) बनने का ऐतिहासिक अवसर मिला है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच के जरिए राज्य सरकार वैश्विक निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की खूबियों, विशाल प्राकृतिक संसाधनों और विकास की संभावनाओं को मजबूती से रख रही है। सोशल मीडिया मंच 'X' पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन राज्य की प्रगति और निवेश के अवसरों को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन जरिया बनेगा।
निवेशकों के साथ 'CEO राउंडटेबल' में चर्चा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सिंगापुर के दिग्गज उद्योगपतियों और कॉर्पोरेट जगत के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय CEO राउंडटेबल बैठक में शामिल होंगे। इस संवाद का मुख्य मकसद छत्तीसगढ़ में नए उद्योग स्थापित करना, मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना और राज्य के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना है।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स को लुभाने की खास रणनीति
छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल करने के लिए सरकार कई मोर्चों पर काम कर रही है:
नई औद्योगिक नीति: निवेशकों के अनुकूल नियम और आसान सिंगल-विंडो सिस्टम।
मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर: निर्बाध बिजली, बेहतर कनेक्टिविटी और प्रचुर प्राकृतिक संसाधन।
कुशल कार्यबल: स्थानीय युवाओं को उद्योगों की जरूरत के हिसाब से हुनरमंद बनाना।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस दौरे से सिंगापुर के बड़े कारोबारी समूहों के साथ साझेदारी मजबूत होगी और छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेश मानचित्र पर एक नई पहचान कायम करेगा।

