खुलासा : प्रदीप सोनी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, 3 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस साजिश का मास्टरमाइंड खुशीराम साहू निकला, जिसने कोटमीकला बाजार में रेकी कर वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बिहार-झारखंड के तीन शूटर अभी फरार हैं।
छत्तीसगढ़ के गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या और लूटकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाले तीन शूटर अभी भी फरार हैं।
इस जघन्य वारदात का मास्टरमाइंड बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत बिटकुला निवासी खुशीराम साहू निकला है। जांच में सामने आया कि उसने कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारियों की रेकी कर उनकी गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई थी।
इस साजिश में उसके भतीजे राजाराम साहू ने भी अहम भूमिका निभाई और लगातार उसका सहयोग किया।
बिहार-झारखंड से बुलाए गए थे पेशेवर शूटर
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए खुशीराम साहू ने अपने परिचित अपराधी राहुल के जरिए बिहार और झारखंड से शूटर बुलाए थे।योजना के तहत राहुल अपने साथी संजय और राजू के साथ छत्तीसगढ़ पहुंचा और तीनों ने मिलकर इस लूट और हत्या की वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी ग्राम देवरीखुर्द (देवरीकला) स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे। वहीं पर लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों का आपस में बंटवारा किया गया। पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर मास्टरमाइंड खुशीराम साहू, राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार कर लिया है।
इनके पास से—
-
1 देशी कट्टा
-
2 जिंदा कारतूस
-
लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण
-
3 मोबाइल फोन
बरामद किए गए हैं।
तीन शूटर अब भी फरार, टीमें दूसरे राज्यों में रवाना
इस मामले में शामिल बिहार के तीन शूटर—राहुल, संजय और राजू—अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें बिहार और झारखंड सहित अन्य राज्यों में दबिश दे रही हैं। बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने पेंड्रा स्थित एसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान मुंगेली एसपी भोजराम पटेल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रभारी एसपी अविनाश मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने इस गंभीर केस को सुलझाने में दिन-रात मेहनत करने वाली पुलिस टीम की सराहना की और इसे बड़ी उपलब्धि बताया।