मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के परदेही गांव में पावर ग्रिड कंपनी के टावर निर्माण कार्य के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। निर्माण कार्य को लेकर लंबे समय से असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच जमीन मालिक जगदीश शाह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से मामला और गंभीर हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
विवाद ने छींनी जिंदगी
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस जमीन पर टावर लगाया जा रहा था, वह उनकी पट्टे की भूमि है। उनका कहना है कि कंपनी के अधिकारी और ठेकेदार राहुल पांडेय उनकी सहमति के बिना जबरन निर्माण कार्य करवा रहे थे। जब जगदीश शाह और उनके परिवार ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। परिजनों का दावा है कि इसी घटनाक्रम के दौरान ऐसी परिस्थितियां बनीं, जिनके बाद जगदीश शाह की मौत हो गई। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य नियमों के तहत और सहमति से किया जाता तो यह घटना नहीं होती।
ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। मृतक के परिवार ने ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही और दबाव बनाकर निर्माण कराने का आरोप लगाया है। परिजनों ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का भी कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
कंपनी और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी तस्वीर पुलिस का कहना है कि जगदीश शाह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।