Durg Drowning Case: अमलेश्वर थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसा ग्राम पाहंदा के तालाब में हुआ, जहां नहाने के दौरान पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची SDRF दुर्ग की टीम ने कई घंटों की तलाश के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान भिलाई कैंप-2 के शारदा पारा निवासी अश्वनी विश्वकर्मा (32 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अश्वनी ग्राम पाहंदा के तालाब में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी की गहराई में डूब गया।
गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और रेस्क्यू टीम को सूचना दी। इसके बाद SDRF दुर्ग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने तालाब के गहरे हिस्से में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने युवक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
रेस्क्यू के बाद SDRF टीम ने शव को अमलेश्वर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
