Education Department: छत्तीसगढ़ में जर्जर और मरम्मत योग्य स्कूल भवनों की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने पर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सख्ती दिखाई है, विभाग ने प्रदेश के 31 जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी अधिकारियों को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं, लोक शिक्षण संचालनालय ने 7 सितंबर को प्रदेश के सभी संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों से स्कूल भवनों की स्थिति की रिपोर्ट मांगी थी। विभाग ने इसके लिए एक सप्ताह का समय निर्धारित किया था।
रिपोर्ट में देरी पर 31 DEO को नोटिस
रिपोर्ट में भवन विहीन स्कूलों और ऐसे स्कूल भवनों की जानकारी मांगी गई थी, जिनमें मरम्मत की जरूरत है, निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद भी 31 जिलों से रिपोर्ट नहीं भेजी गई। इस लापरवाही को लेकर DPI ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में जिला शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट भेजने में हुई देरी का कारण स्पष्ट करने को कहा गया है।
DEO को तीन दिन में देना होगा जवाब
अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर अपना जवाब लोक शिक्षण संचालनालय को भेजना होगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा अक्टूबर महीने का वेतन रोकने की बात भी नोटिस में कही गई है।
स्कूल भवनों की स्थिति सुधारने की तैयारी
शिक्षा विभाग प्रदेश के स्कूलों में जर्जर भवनों की पहचान कर उनकी मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी जुटा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत सभी जिलों से स्कूल भवनों की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई थी।
