Ganesh Jhanki Raipur: सोमवार 28 सितंबर को आयोजित होने वाले गणेश झांकी चल समारोह को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में कई बदलाव किए हैं, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रायपुर नगर निगम क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने गणेश विसर्जन झांकी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र की सभी शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसके अलावा बीरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा क्षेत्र की शराब दुकानें भी बंद रहेंगी। सभी बार को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शाम 4 बजे से बंद रहेंगी शराब दुकानें
रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार सोमवार शाम 4 बजे से गणेश विसर्जन झांकी समाप्त होने तक नगर निगम क्षेत्र की शराब दुकानों को बंद रखा जाएगा, प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
सुरक्षा के लिए चार सेक्टर में बांटा गया शहर
गणेश झांकी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। पूरे झांकी मार्ग को चार सेक्टर में बांटा गया है, प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी ASP और DSP स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, इसके अलावा क्राइम ब्रांच के जवानों को सादी वर्दी में भी तैनात किया जाएगा, पुलिस का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन के साथ-साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटना है।
शाम 6 बजे से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
यातायात पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है, सोमवार शाम 6 बजे से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव किया जाएगा, पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। झांकी का मार्ग शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक रहेगा। इस पूरे मार्ग पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल झांकी में शामिल वाहन और पैदल श्रद्धालुओं को ही आगे बढ़ने की अनुमति होगी।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बनाई गई पार्किंग व्यवस्था
चल समारोह में शामिल होने आने वाले लोगों के लिए प्रशासन ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। इनमें प्रमुख रूप से:-
- मल्टीलेवल पार्किंग
- रजबंधा मैदान
- शास्त्री मार्केट
- सीरत मैदान
- सप्रे शाला मैदान
- इंडोर स्टेडियम
- गांधी मैदान
- भैंसथान मैदान
- जवाहर मार्केट
- हिंद स्पोर्ट्स मैदान
शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

