Ganesh Utsav 2026: जिले में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। जगह-जगह सजे भव्य पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। चारों ओर “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गूंज रहे हैं, लेकिन इसी बीच शहर से आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं सामने आई हैं।
उत्सव के माहौल के बीच चोरों ने गणेश पंडालों को अपना निशाना बना लिया। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित चार गणेश पंडालों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। खास बात यह है कि सभी मामले कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज किए गए हैं। घटना के बाद गणेश समितियों और श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।
लालबगीचा वार्ड में दान पेटी और पूजा सामग्री चोरी
पहली चोरी की घटना लालबगीचा वार्ड स्थित गणेश पंडाल में हुई। यहां चोरों ने पंडाल में रखी दान पेटी चोरी कर ली। इसके अलावा पूजा में उपयोग होने वाली फूलों की सामग्री और कांच की थाली भी चोर अपने साथ ले गए। घटना के बाद समिति के सदस्यों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
बम्बलई वार्ड में तांबे के लोटे सहित सामान गायब
दूसरी वारदात बम्बलई वार्ड के गणेश पंडाल में हुई। यहां चोर पूजा में इस्तेमाल होने वाला तांबे का लोटा और अन्य धार्मिक सामग्री लेकर फरार हो गए। पंडाल में चोरी की जानकारी मिलते ही समिति के लोगों में चिंता का माहौल बन गया।
पुलिस ने जांच शुरू की, कार्रवाई का भरोसा
मामलों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, उत्सव के दौरान पंडालों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक आयोजनों के बीच ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं।बालक चौक के पास गणेश पंडाल में भी चोरी
तीसरी घटना बालक चौक पीढ़ी नाला के पास बने गणेश पंडाल में सामने आई। जहां श्रद्धालु भगवान गणेश की पूजा-अर्चना में जुटे हुए हैं, वहीं चोरों ने पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरी के बाद गणेश समितियों में डर का माहौल
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद गणेश समितियों के कार्यकर्ताओं में चिंता बढ़ गई है। जो लोग दिन-रात पंडालों में भगवान गणेश की सेवा और व्यवस्था में लगे हुए थे, अब वे अपनी सुरक्षा को लेकर परेशान हैं। समिति के सदस्यों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

