Ganja Smuggling: करोड़ों रुपये के गांजा तस्करी नेटवर्क पर प्रहार करते हुए महासमुंद पुलिस ने मामले के मुख्य सप्लायर को ओडिशा से दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी को देवगढ़ जिले से गिरफ्तार किया, जिसने महाराष्ट्र के तस्करों को 281 किलो से अधिक गांजा सप्लाई किया था। यह पूरी कार्रवाई तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा एनालिसिस के दम पर संभव हो सकी। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, 3 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से पक्की खबर मिली थी कि एनएच-53 के रास्ते मादक पदार्थों की बड़ी खेप महाराष्ट्र भेजी जा रही है।
लगभग डेढ़ करोंड़ का गांजा हुआ था जब्त
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर दी। संदेह के आधार पर जब वहां से गुजर रही एक फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई, तो पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। दोनों गाड़ियों में बेहद शातिराना अंदाज में छिपाकर रखा गया 281.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई थी। मौके से पुलिस ने महाराष्ट्र के रहने वाले पांच आरोपियों—प्रशांत शंकर गोले, क्षितिज वीरसेन जाधव, महेश काटकर, अभिषेक डेविड जगले और अक्षय नंदकुमार निगम को गिरफ्तार किया था।
ओडिशा से किया गिरफ्तार
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल डेटा की तकनीकी छानबीन की, तो गांजा सप्लाई करने वाले असली मास्टरमाइंड की परतें उधड़ती चली गईं। पुलिस को पता चला कि इस पूरे नेटवर्क का बैकवर्ड लिंक ओडिशा से जुड़ा हुआ है। मिले सुरागों के आधार पर महासमुंद पुलिस की टीम ने 10 सितंबर को ओडिशा के बादपुर थाना क्षेत्र (जिला देवगढ़) के ग्राम गुलाबबंद में दबिश दी। वहां से 36 वर्षीय किशोर कुमार नायक (पिता त्रिवेणी नायक) को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पूछताछ में पुष्टि हुई कि यही वह व्यक्ति था, जो तस्करी के लिए गांजे की बड़ी खेप मुहैया कराता था। आरोपी को महासमुंद लाकर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पूरी सफलता नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन निश्चय' के तहत मिली है। इस पूरे प्रकरण में गांजे के अलावा एक फॉर्च्यूनर कार, एक स्कॉर्पियो और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
कुल 2 करोड़ 6 लाख की संपत्ति जब्त
जब्त की गई कुल संपत्ति का कुल मूल्य 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गांजे की सप्लाई चेन कहां तक फैली है और इस धंधे में और कौन-कौन शामिल हैं, इसे लेकर जांच अभी जारी है। जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

