Guru Gaurav Samman: “सम्मान उनका, जो बिना शोर किए समाज को गढ़ रहे हैं।” इसी भावना को केंद्र में रखकर बालोद में 27 सितंबर को दिए जाने वाले गुरु गौरव सम्मान 2026 के लिए छत्तीसगढ़ के 130 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें आरंग विकासखंड से कविता वर्मा का चयन हुआ है। वे शासकीय प्राथमिक शाला कुरूद (बाराडेरा) में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। आरंग विकासखंड से इस सम्मान के लिए चयनित होने वाली वे एकमात्र शिक्षिका हैं।
कविता वर्मा का चयन उन शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है, जो बिना किसी दिखावे के अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाते हुए बच्चों के भविष्य को आकार दे रहे हैं। ग्रामीण परिवेश में शिक्षा की अलख जगाना और बच्चों में सीखने की ललक पैदा करना केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ी के निर्माण का कार्य है।
शिक्षा के क्षेत्र में सेवाभाव की पहचान
कविता वर्मा का सम्मान के लिए चयन इसी सतत समर्पण और सेवाभाव की पहचान माना जा रहा है।कविता वर्मा का चयन केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि कुरूद (बाराडेरा) की शाला, आरंग विकासखंड और उन तमाम शिक्षकों का गौरव है, जो सीमित संसाधनों के बीच भी बच्चों के सपनों को उड़ान देने में जुटे हैं।क्षेत्र में खुशी का माहौल, मिली बधाइयां
उनके चयन से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने कविता वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान शिक्षकों के मौन परिश्रम को समाज के सामने पहचान देते हैं और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं।
