उदयपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। टिहरी जंगल में 9वीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने छात्र के चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं। शुक्रवार सुबह जंगल में योग करने पहुंचे लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।जांच में शव पर कई चोटों के निशान मिले।छात्र का चेहरा भारी पत्थर से कुचला गया था।पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गुरुवार शाम घर से खेलने निकला था छात्र
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम सलका निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर के रूप में हुई है। वह सलका हाईस्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। गुरुवार शाम वह घर से दोस्तों के साथ खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पहले आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की। जब कहीं भी उसका पता नहीं चला तो परिवार की चिंता बढ़ गई और पूरी रात उसकी खोजबीन जारी रही।सुबह जंगल में मिला खून से लथपथ शव
शुक्रवार सुबह टिहरी जंगल में नियमित रूप से योग करने पहुंचे कुछ लोगों की नजर एक युवक के शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह नाबालिग छात्र का शव है। लोगों ने तुरंत उदयपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि छात्र के चेहरे को किसी भारी पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था। इसके अलावा उसके पैर में भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसके साथ मारपीट भी की गई होगी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के तरीके और मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ छात्र की अंतिम गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।