Illegal Liquor: अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। मोचीपारा स्थित रविदास नगर में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक पुलिसकर्मियों के सामने पैंट उतारकर अभद्रता करता दिखाई दे रहा है। वहीं, कुछ महिलाएं पुलिस जवानों के साथ धक्का-मुक्की करती और मारपीट करती नजर आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ पुलिस को मोचीपारा क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री होने की सूचना मिली थी।
इसके बाद थाने की टीम मौके पर पहुंची और एक युवक को शराब के साथ पकड़ा। कार्रवाई के दौरान युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में वह पुलिसकर्मियों के सामने ही पैंट उतारने की कोशिश करता और अभद्र व्यवहार करता दिखाई देता है।
महिलाओं ने भी पुलिस जवानों से की धक्का-मुक्की
घटना के दौरान कुछ महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं और पुलिसकर्मियों से उलझने लगीं। वीडियो में महिलाओं को जवानों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है। इसी दौरान एक महिला पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारती नजर आती है। वहीं, दूसरी महिला जमीन पर रखी शराब की बोतलें उठाकर ले जाने की कोशिश करती दिखाई देती है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपियों की पहचान जारी
मामले में डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि अवैध शराब की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता की। एसडीओपी के मुताबिक, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






