Liquor Smuggling: सरायपाली थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से देशी महुआ शराब, अंग्रेजी शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही दो दोपहिया गाड़ियां जब्त की हैं।
केना पुलिया के पास बाइक से 10 लीटर महुआ शराब जब्त
पहले मामले में, सरायपाली पुलिस की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर टेंगनापाली से ग्राम केना की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम केना के पास पुलिया के करीब घेराबंदी कर नाकेबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल चालक को रोककर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपना नाम अनिल यादव (35 वर्ष), निवासी ग्राम केना बताया। गाड़ी (बजाज प्लेटिना, क्रमांक CG 06 HF 0553) की डिग्गी की तलाशी लेने पर 5-5 लीटर की दो पारदर्शी पॉलीथिन में कुल 10 लीटर हाथ भट्टी से बनी महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और वाहन (कुल कीमत लगभग ₹27,000) को जब्त कर आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। अनिल यादव के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) (गैर-जमानती) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
सिमरन पैलेस के पास बिना नंबर स्कूटी से अंग्रेजी शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई में, पुलिस टीम को बस स्टैंड के पास गश्त के दौरान खबर मिली कि एक युवक बिना नंबर की स्कूटी में अवैध अंग्रेजी शराब रखकर भंवरपुर रोड की तरफ जा रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भंवरपुर रोड स्थित सिमरन पैलेस के सामने घेराबंदी की। संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर पूछताछ करने पर उसकी पहचान तुषार आचार्य (24 वर्ष), निवासी भुथिया (थाना बलौदा) के रूप में हुई। बिना नंबर की जूपिटर स्कूटी की डिग्गी से एक प्लास्टिक थैले में रखी 20 पौवा 'जम्मू स्पेशल व्हिस्की' अंग्रेजी शराब (कुल 3,600 एमएल) जब्त की गई। पुलिस ने शराब और स्कूटी (कुल कीमत लगभग ₹17,400) को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज किया। यह मामला जमानतीय होने के कारण सक्षम जमानतदार पेश करने पर आरोपी को रिहा कर दिया गया।

