Indian Badminton: लक्ष्य सेन ने जापान मास्टर्स में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। शनिवार को जापान के कुमामोटो प्रीफेक्चुरल जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-12, 15-21, 21-11 से शिकस्त दी।
एक घंटे 9 मिनट तक चले इस मुकाबले में जीत के साथ लक्ष्य अब टूर्नामेंट का खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर हैं। फाइनल में उनका मुकाबला कोकी वातानाबे और पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 कुनलावुत वितिदसार्न के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
पहला गेम जीतने के बाद दूसरे में पिछड़े लक्ष्य
सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। पहले गेम में उन्होंने अल्वी फरहान को ज्यादा मौके नहीं दिए और 21-12 से गेम अपने नाम कर लिया। हालांकि, दूसरे गेम में इंडोनेशियाई खिलाड़ी ने वापसी की। अल्वी ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर 21-15 से गेम जीतकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे गेम में लक्ष्य ने फिर से अपनी लय हासिल की। उन्होंने लगातार अंक जुटाते हुए 21-11 से गेम जीत लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
हाइलो ओपन जीतकर खत्म किया था खिताब का इंतजार
जापान मास्टर्स से पहले लक्ष्य सेन ने जर्मनी में आयोजित हाइलो ओपन का खिताब अपने नाम किया था। फाइनल में उन्होंने इंडोनेशिया के मौजूदा चैंपियन जोनाथन क्रिस्टी को सीधे गेमों में 21-17, 21-10 से हराया था। इस जीत के साथ लक्ष्य ने लंबे समय से चले आ रहे खिताबी इंतजार को खत्म किया था। यह मौजूदा सीजन में उनका पहला और करियर का सातवां BWF खिताब था। अब जापान मास्टर्स में भी उनका प्रदर्शन शानदार बना हुआ है।
सीधे गेमों में जीत के साथ तय किया फाइनल का सफर
लक्ष्य सेन ने जापान मास्टर्स में अब तक लगातार अच्छा खेल दिखाया है। उन्होंने पहले दौर में चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-19, 21-18 से हराकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद दूसरे दौर में चीन के डोंग तियान याओ को 21-8, 21-14 से मात दी। यह मुकाबला महज 35 मिनट में समाप्त हो गया था। क्वार्टर फाइनल में लक्ष्य का सामना जापान के युशी तनाका से हुआ। इस मैच में भी भारतीय खिलाड़ी ने अपना दबदबा बनाए रखा और 21-16, 21-15 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स की उम्मीदों को मिली मजबूती
लक्ष्य सेन ने हाल ही में कोरिया ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था। ऐसे में जापान मास्टर्स में उनका प्रदर्शन काफी अहम माना जा रहा है। इस टूर्नामेंट में फाइनल तक पहुंचने से साल के अंत में होने वाले BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए उनकी दावेदारी को मजबूती मिली है। अब सबकी नजरें फाइनल मुकाबले पर होंगी। अगर लक्ष्य यहां खिताब जीतने में सफल रहते हैं तो मौजूदा सीजन में उनके BWF खिताबों की संख्या दो हो जाएगी। भारतीय बैडमिंटन प्रशंसकों को उनसे एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।












