Badminton Tournament: जर्मनी के सारब्रुकन में खेले जा रहे हाइलो ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के लिए अच्छी खबर है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और पुरुष खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, महिला सिंगल्स में मालविका बंसोड़ और इशरानी बरुआ को हार का सामना करना पड़ा और उनका सफर समाप्त हो गया।
सिंधु ने फ्रांस की खिलाड़ी को सीधे गेम में हराया
महिला सिंगल्स के दूसरे दौर में दूसरी वरीयता प्राप्त पीवी सिंधु ने फ्रांस की रोसी ओक्टाविया पंकसारी को महज 26 मिनट में 21-9, 21-6 से मात दी। सिंधु ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और अपनी प्रतिद्वंद्वी को किसी भी गेम में वापसी का मौका नहीं दिया। मैच में कुल 57 पॉइंट खेले गए, जिनमें से सिंधु ने 42 अंक अपने नाम किए, जबकि फ्रांस की खिलाड़ी केवल 15 अंक ही हासिल कर सकीं। सिंधु ने इससे पहले पहले दौर में प्रकृति भारत को हराया था। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना डेनमार्क की अमली शुल्ज से होगा।
लक्ष्य सेन ने किरण जॉर्ज को दी शिकस्त
भारत के टॉप रैंकिंग वाले पुरुष सिंगल्स खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने प्री-क्वार्टर फाइनल में हमवतन किरण जॉर्ज को हराया। लक्ष्य ने पहला गेम 21-15 से जीता, लेकिन दूसरे गेम में 18-21 से हार गए। निर्णायक गेम में लक्ष्य ने दमदार वापसी की और 21-12 से जीत दर्ज कर अंतिम आठ में जगह बनाई।मालविका और इशरानी की चुनौती समाप्त
महिला सिंगल्स में भारत की मालविका बंसोड़ को कनाडा की वेन यू झांग के खिलाफ 21-11, 21-17 से हार झेलनी पड़ी। 31 मिनट तक चले मुकाबले में मालविका पहले गेम में पिछड़ गईं। दूसरे गेम में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकीं। वहीं, इशरानी बरुआ को डेनमार्क की आठवीं वरीयता प्राप्त लाइन होजमार्क केजर्सफेल्ड ने 21-14, 21-19 से हराया। 39 मिनट के इस मुकाबले में इशरानी ने दूसरे गेम में कड़ी टक्कर दी, लेकिन डेनमार्क की खिलाड़ी ने सीधे गेम में जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
उन्नति हुड्डा और अनमोल खरब पर रहेंगी नजरें
टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले अभी जारी हैं। महिला सिंगल्स में छठी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा का सामना डेनमार्क की फ्रेडरिक ओस्टरगार्ड से होना है। वहीं, अनमोल खरब के सामने डेनमार्क की तीसरी वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफरसेन की चुनौती होगी। भारतीय खिलाड़ियों से इन मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।







