Indore MTH Hospital Case: एमटीएच अस्पताल की जूनियर डॉक्टर (पीजी प्रथम वर्ष) डॉ. सिम्मी यादव के कथित मानसिक उत्पीड़न और सुसाइड की कोशिश के मामले के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन सख्त कदम उठाता नजर आ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीन कार्यालय ने अस्पतालों में डॉक्टरों की काम के घंटों को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। अब मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में तैनात डॉक्टरों से हफ्ते में 48 घंटे से ज्यादा ड्यूटी नहीं ली जाएगी। प्रशासन के नए रोस्टर नियमों के अनुसार, किसी भी डॉक्टर से एक दिन में अधिकतम 8 घंटे ही काम लिया जाएगा। किसी विशेष परिस्थिति में भी यह सीमा 12 घंटे से अधिक नहीं होगी।
गौरतलब है कि डॉ. सिम्मी यादव ने अपने सीनियर रेजीडेंट्स—डॉ. यशस्वी, डॉ. श्वेता, डॉ. निकिता—और विभाग के तत्कालीन एचओडी डॉ. नीलेश दलाल पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इस कथित उत्पीड़न से परेशान होकर सिम्मी ने इंसुलिन का ओवरडोज ले लिया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। मामला सामने आने के बाद डीन ने शुरुआती जांच के लिए तीन अलग-अलग कमेटियां गठित की थीं।
आरोपी सीनियर छात्रों से फिर होगी पूछताछ, बनी नई जांच कमेटी
एमजीएम कॉलेज प्रबंधन ने इस मामले में नामजद आरोपी सीनियर छात्रों से दोबारा पूछताछ के लिए वरिष्ठ प्रोफेसरों की एक नई आंतरिक (इंटरनल) जांच कमेटी का गठन किया है। यह नई कमेटी आरोपी छात्रों के बयान दर्ज करेगी। सूत्रों के मुताबिक, इस कमेटी की रिपोर्ट और फीडबैक के आधार पर ही डीन दफ्तर से आगे की अनुशासनात्मक या कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
नेशनल मेडिकल कमीशन असहज, दोबारा मांगी विस्तृत रिपोर्ट
डॉ. सिम्मी के भाई द्वारा की गई शिकायत पर संज्ञान लेते हुए नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने डीन कार्यालय से 24 घंटे के भीतर 'पैरावाइज कमेंट्स' और 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' (ATR) तलब की थी। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि उन्होंने कमीशन द्वारा मांगे गए सभी गोपनीय दस्तावेज और प्राथमिक रिपोर्ट भेज दी है। हालांकि, विभागीय सूत्रों का कहना है कि डीन कार्यालय के शुरुआती जवाब से नेशनल मेडिकल कमीशन संतुष्ट नहीं है। एनएमसी ने उस जवाब को अपर्याप्त मानते हुए खारिज कर दिया है और प्रबंधन को निर्देश दिया है कि हर एक बिंदु व आपत्ति पर दोबारा विस्तृत और स्पष्ट एक्शन टेकन रिपोर्ट बनाकर तुरंत भेजी जाए।प्रबंधन का पक्ष:
"डॉ. सिम्मी यादव को फिलहाल छुट्टी दी गई है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही उन्हें ड्यूटी पर लौटने की सलाह दी गई है। आरोपी छात्रों की जांच के लिए नई इंटरनल कमेटी गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट आते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।" — डॉ. अरविंद घनघोरिया, डीन, एमजीएम मेडिकल कॉलेज

