Jagdalpur News: खेतों में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए लगाए जाने वाले बिजली के तार कई बार जानलेवा साबित हो जाते हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बनियागांव के जामकोनाड़ी पारा से सामने आया है, जहां खेत में लगाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6 बजे 12 वर्षीय बच्ची फुटू (जंगली मशरूम) निकालने के लिए खेत की ओर गई थी। इसी दौरान वह खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तार के संपर्क में आ गई। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
फसल बचाने लगाए गए तार में दौड़ रहा था करंट
बताया जा रहा है कि किसान ने फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के आसपास झटका मशीन का तार लगाया था। आरोप है कि इस तार में सीधे बिजली लाइन से करंट प्रवाहित किया गया था। इसी वजह से बच्ची इसकी चपेट में आ गई और यह हादसा हो गया।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही भानपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और खेत में लगाए गए करंट वाले तार की स्थिति की जांच कर रही है।
हादसे के बाद परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम बच्ची की मौत के बाद उसके परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस घटना ने खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित करने से होने वाले खतरों को एक बार फिर सामने ला दिया है।
