Jashpur Ganja Smuggling: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों से कुल 520 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपए है।
तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है, जिनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह पूरी कार्रवाई में करीब 3 करोड़ रुपए का गांजा और वाहन जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
सब्जियों की ट्रे के नीचे छिपाया था गांजा
कुनकुरी पुलिस की टीम 27 अगस्त की सुबह करीब चार बजे गश्त कर रही थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की बोलेरो पिकअप पर पुलिस की नजर पड़ी। संदेह होने पर वाहन को थाना परिसर के सामने रोककर तलाशी ली गई। पिकअप के पिछले हिस्से में सब्जियों की ट्रे के नीचे छह बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। बोरियों से पीले रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे 120 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में करीब 246 किलो गांजा भरा था। पुलिस ने वाहन में सवार बिहार के रोहतास निवासी 45 वर्षीय अनवर अंसारी और कैमूर निवासी 26 वर्षीय दिनेश कुमार केसरी को गिरफ्तार कर लिया।सेल्टोस कार छोड़कर भागा चालक
इसी दौरान कुनकुरी पुलिस को एक बिना नंबर की सेल्टोस कार तेज रफ्तार से गुजरती दिखाई दी। पुलिस ने कार का पीछा किया, लेकिन चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। कार की तलाशी लेने पर 20 बैगों में रखे 120 पैकेट मिले। इनसे करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। दोनों कार्रवाइयों में कुनकुरी पुलिस ने कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए हैं।
नारायणपुर चौक पर पकड़ी गई डिजायर कार
तीसरी कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को 27 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 11 बजे सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर एमपी-33सी-5625 नंबर की कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की में छिपाकर रखे गए 17 पैकेट मिले, जिनमें करीब 26 किलो गांजा था। पुलिस ने कार सवार मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी 56 वर्षीय कमल किशोर ओझा और 35 वर्षीय अनिता सोनी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली गई।ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की जानकारी दी है। पुलिस अब खेप उपलब्ध कराने वाले सप्लायर और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी लेने वाले लोगों का पता लगा रही है। तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और फरार आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और संबंधित अधिकारियों की निगरानी में कुनकुरी एवं नारायणपुर पुलिस की टीमों ने की। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि तीन अलग-अलग मामलों में 520 किलो गांजा जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी रहेगा। तस्करी में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

