JPU Graduation Exam: चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम सत्र 2025-29 के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम जारी कर दिया है,परीक्षा 28 सितंबर से शुरू होगी और दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा विभाग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक होगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित महाविद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, लिखित परीक्षा के बाद 13 से 16 अक्टूबर तक प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
विषयों के अनुसार जारी हुआ परीक्षा कार्यक्रम
परीक्षा को अलग-अलग समूहों में बांटकर आयोजित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
- 28 सितंबर: क्षमता संवर्धन पाठ्यक्रम (AEC)
- 29 सितंबर: कौशल संवर्धन पाठ्यक्रम (SEC)
- 30 सितंबर: मूल्यवर्धित पाठ्यक्रम (VAC)
1 अक्टूबर से मुख्य विषयों की परीक्षा शुरू होगी।
पहली पाली में प्राणिविज्ञान, वनस्पति विज्ञान, भौतिकी, रसायनशास्त्र, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, भोजपुरी, संस्कृत और वाणिज्य विषयों के विद्यार्थियों की परीक्षा होगी।
दूसरी पाली में भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, समाजशास्त्र, हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, संगीत, श्रम एवं समाज कल्याण और ग्रामीण अर्थशास्त्र विषयों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
लघु विषय और एमडीसी परीक्षा की तारीख भी घोषित
विश्वविद्यालय के अनुसार 3 अक्टूबर को लघु विषय द्वितीय पत्र की परीक्षा आयोजित होगी, इसके बाद 5 अक्टूबर को बहुविषयी पाठ्यक्रम (MDC) द्वितीय पत्र और 6 अक्टूबर को सामाजिक विज्ञान संकाय के बहुविषयी पाठ्यक्रम की परीक्षा होगी। वहीं पूर्ववर्ती छात्रों के लिए एमडीसी-द्वितीय की परीक्षा भी 6 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इसमें वनस्पति विज्ञान, प्राणिविज्ञान, भौतिकी, रसायनशास्त्र, गणित, मनोविज्ञान, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, वाणिज्य, भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत सहित अन्य विषय शामिल हैं।
परीक्षा केंद्र में बदलाव नहीं, मोबाइल प्रतिबंधित
जेपीयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्र में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा, विद्यार्थियों को केवल तय परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा देनी होगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षा में अनुशासन बनाए रखने के लिए कई नियम भी जारी किए हैं, परीक्षा भवन में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, यदि किसी छात्र के पास मोबाइल फोन पाया जाता है तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।
सामूहिक नकल, परीक्षा का बहिष्कार या किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति में विश्वविद्यालय नियमानुसार कार्रवाई करेगा। परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मिश्रा द्वारा जारी किया गया है।

