Krishnavataram: आगामी जन्माष्टमी के पावन पर्व से पहले आध्यात्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के संगठन 'वर्ल्ड फोरम फॉर आर्ट एंड कल्चर' (WFAC) ने अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म परियोजना 'कृष्णावतारम' (Krishnavataram) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करने का बड़ा फैसला लिया है।
यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि तीन भागों में बनने वाली एक विस्तृत 'ट्रिलॉजी' (Trilogy) होगी, जिसे वैश्विक दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इसका मकसद भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके दर्शन को आधुनिक सिनेमा के जरिए दुनियाभर के सिनेमाघरों तक पहुंचाना है।
क्रिएटिवलैंड स्टूडियो के साथ मिलाया हाथ
इस भव्य प्रोजेक्ट को बड़े पैमाने पर परदे पर उतारने के लिए WFAC ने मनोरंजन जगत के प्रमुख नाम क्रिएटिवलैंड स्टूडियो (Creativeland Studios) के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। स्टूडियो के प्रमुख डॉ. साजन राज कुरुप और WFAC मिलकर इस पौराणिक गाथा को एक नए और आधुनिक कलेवर में प्रस्तुत करेंगे।
सीरीज की पहली कड़ी 'कृष्णावतारम: पार्ट 1 - हृदयम' (Krishnavataram: Part 1 - Hridayam) होगी। इसे सबसे पहले दुनियाभर के बड़े सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है। मेकर्स का दावा है कि यह साझेदारी भारतीय पौराणिक इतिहास और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान दिलाएगी।
