liquor smuggling: मोहारा क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने खेत में बने एक बोरघर में छापा मारकर भारी मात्रा में शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 497 पौवा (89.46 बल्क लीटर) अवैध शराब जब्त की है। बरामद शराब में उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा के 429 पौवा और छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल के 68 पौवा शामिल हैं। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब के साथ मिली बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री
पुलिस को छापेमारी के दौरान केवल शराब ही नहीं, बल्कि उसे तैयार करने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली है। मौके से 2820 स्टीकर, 2541 लेबल पर्चियां, 303 खाली प्लास्टिक शीशियां और 598 ढक्कन बरामद किए गए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर सकता है। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस शराब की सप्लाई और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।इस मामले में पुलिस ने दउवा वर्मा और नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटे कट्टी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी, पैकिंग सामग्री किस माध्यम से पहुंचाई गई और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। मोहारा क्षेत्र में पहले भी अवैध शराब से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
