जगदलपुर में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलो गांजा के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला बस्तर संभाग के Jagdalpur स्थित बोधघाट थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ संदिग्ध लोग गोयल धर्मशाला में ठहरे हुए हैं और गांजा की बड़ी खेप को राजस्थान भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के अनुसार, राजस्थान से आए चार व्यक्ति और Sukma के दो स्थानीय तस्कर मिलकर इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। जिसके आधार पर पुलिस ने घेरबंदी की।
पुलिस की छापेमारी
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर और थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने गोयल धर्मशाला के कमरे नंबर 9 में छापेमारी की, जहां सभी छह आरोपी मौजूद पाए गए। तलाशी के दौरान चार बैगों में छिपाकर रखा गया कुल 54 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 26 लाख 97 हजार 200 रुपये बताई गई है।
राजस्थान में खपाने की योजना
इसके अलावा मौके से 6 मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास गांजा रखने, परिवहन या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप राजस्थान में सप्लाई करने की योजना के तहत एकत्र की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों में राजस्थान के बबलू कुशवाहा, श्रीनिवास और देशराज कुशवाहा, उत्तर प्रदेश के पंकज उपरेती तथा सुकमा के राम सिंह और दुबराज कश्यप शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20 (B) के तहत मामला दर्ज कर 13 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर एक बड़ी चोट पहुंची है और आगे इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।