Manendragarh police:छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से पिता और बेटे के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मनेन्द्रगढ़ के लालपुर में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद में बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घर में संदिग्ध हालत में मिला था पिता का शव
पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को मनेन्द्रगढ़ के लालपुर क्षेत्र में ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में मृत पाए गए थे। उनके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। इसके साथ ही गवाहों के बयान दर्ज किए गए और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।
जमीन बेचने के लिए बना रहा था दबाव
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 7 अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी ने जमीन बेचने को लेकर अपने पिता से विवाद किया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने पानी के पाइप से पिता के साथ मारपीट की। इस मारपीट में ऋषि कुमार के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिनके कारण उनकी मौत हो गई।पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने रवि कुमार सूर्यवंशी (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। आरोपी लालपुर के वार्ड क्रमांक 06 का निवासी है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई यह कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में मनेन्द्रगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। जमीन के विवाद से जुड़ी इस घटना ने इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। पुलिस अब मामले से संबंधित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






