Poshan Abhiyan: गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में 30 नवंबर को राज्य स्तरीय जनसंचार अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े इस अवसर पर मातृ एवं शिशु पोषण के लिए तैयार सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन संचार (SBCC) रणनीति का विमोचन करेंगी। अभियान में विभाग को तकनीकी सहयोग दे रही IPE Global की भी सहभागिता रहेगी।
मातृ पोषण के लिए जागरूकता अभियान शुरू
अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और उनके परिवारों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्हें महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित शासकीय योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग पौष्टिक आहार की खरीद में करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान मां और शिशु के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना है।











