Mirzapur The Movie First Review: दुनिया अब वेब सीरीज से निकलकर सिनेमाघरों तक पहुंच चुकी है। अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी, अभिषेक बनर्जी, रवि किशन और श्रिया पिलगांवकर जैसे कलाकारों से सजी ‘मिर्जापुर द मूवी’ रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह था। अब शुरुआती रिव्यू सामने आने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म को 4 स्टार देते हुए इसे ‘पीक मास एंटरटेनर’ बताया है। उनके मुताबिक फिल्म में ‘मिर्जापुर’ की पहचान बने देसी अंदाज, दमदार संवाद और रॉ एक्शन को बड़े पर्दे के हिसाब से और भव्य तरीके से पेश किया गया है।
सीरीज का लंबा एपिसोड नहीं लगती फिल्म
फिल्म को लेकर सामने आए शुरुआती रिव्यू में सबसे खास बात इसका सिनेमाई ट्रीटमेंट बताया गया है। तरण आदर्श के अनुसार, फिल्म कहीं से भी ऐसा एहसास नहीं देती कि सीरीज के किसी एपिसोड को जबरदस्ती खींचकर बड़े पर्दे पर उतार दिया गया हो। फिल्म में बड़े स्तर के एक्शन सीक्वेंस, ड्रामा और विजुअल ट्रीटमेंट देखने को मिलता है। साथ ही ‘मिर्जापुर’ की पुरानी पहचान यानी देसी माहौल, किरदारों का एटीट्यूड और रॉ फ्लेवर भी बरकरार रखा गया है।
दमदार डायलॉग्स और टकराव वाले सीन
‘मिर्जापुर’ की सबसे बड़ी पहचान उसके किरदारों और उनके संवादों से रही है। फिल्म में भी इस पहलू पर खास जोर दिखाई देता है। शुरुआती प्रतिक्रिया के मुताबिक कई टकराव वाले सीन दर्शकों के बीच उत्सुकता और तनाव बनाए रखते हैं। किरदारों के बीच होने वाली बातचीत में वही पुराना ‘मिर्जापुर’ वाला तेवर नजर आता है। निर्देशक गुरमीत सिंह ने ड्रामा, एक्शन, ह्यूमर और इमोशन को साथ लेकर चलने की कोशिश की है, जिससे फिल्म में सीरीज वाली फील बनी रहती है।सेकंड हाफ थोड़ा धीमा, क्लाइमेक्स ने संभाली रफ्तार
फिल्म की तारीफ के साथ इसकी कुछ कमियां भी सामने आई हैं। तरण आदर्श के मुताबिक सेकंड हाफ की शुरुआत में कहानी की रफ्तार थोड़ी कम हो जाती है। कुछ हिस्से लंबे महसूस होते हैं और एडिटिंग के स्तर पर फिल्म को थोड़ा और चुस्त बनाया जा सकता था। हालांकि प्री-क्लाइमेक्स और क्लाइमेक्स के दौरान फिल्म फिर से रफ्तार पकड़ लेती है। जैसलमेर के रेत के टीलों के बीच फिल्माए गए दृश्य भी कहानी को बड़े पर्दे पर एक अलग विजुअल अपील देते हैं।
गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी की भिड़ंत बनी खास चर्चा
फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता गुड्डू पंडित और मुन्ना त्रिपाठी से जुड़े हिस्से को लेकर है। दोनों किरदारों की टक्कर ‘मिर्जापुर’ की कहानी का अहम हिस्सा रही है और फिल्म में भी यह मुकाबला दर्शकों का ध्यान खींचता है। शुरुआती रिव्यू में इनके एंडिंग सीक्वेंस को खास तौर पर मजेदार बताया गया है। साथ ही फिल्म का अंत ‘मिर्जापुर’ यूनिवर्स की आगे की कहानी के लिए संभावनाएं छोड़ता हुआ नजर आता है। ऐसे में फिल्म खत्म होने के बाद भी दर्शकों के बीच इसकी कहानी और संभावित अगली कड़ी को लेकर चर्चा जारी रह सकती है।कलाकारों की एक्टिंग को भी मिली तारीफ
फिल्म में बड़ी संख्या में जाने-पहचाने कलाकार नजर आ रहे हैं। पंकज त्रिपाठी, अली फजल और रवि किशन के अभिनय की खास तौर पर तारीफ की गई है। वहीं दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, मोहित मलिक, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक और सुशांत सिंह भी अपने-अपने किरदारों में प्रभाव छोड़ते हैं। रसिका दुग्गल का किरदार भी कहानी में दिलचस्प मोड़ लेकर आता है। इसके अलावा सोनल चौहान, शीबा चड्ढा और श्रिया पिलगांवकर की मौजूदगी भी फिल्म में नजर आती है।

