Surguja district के मैनपाट क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत कुनिया में माझी जनजाति परिवारों की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि जिस जमीन पर वे कई पीढ़ियों से खेती-बाड़ी कर रहे थे, उसी पर अब जबरन कब्जा कर लिया गया है।
पीड़ित माझी जनजाति परिवारों का कहना है कि उन्हें वन अधिकार अधिनियम के तहत उस भूमि का विधिवत पट्टा भी जारी किया जा चुका है, इसके बावजूद स्थानीय दबंगों ने मारपीट और धमकी देकर जमीन पर कब्जा कर लिया। जब भी वे अपनी जमीन खाली कराने की कोशिश करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
कलेक्टर जनदर्शन में फिर पहुंचा मामला
ताजा अपडेट के अनुसार, कुनिया गांव के फागु माझी और मुन्नाराम माझी आज एक बार फिर कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर जमीन वापस दिलाने की मांग की। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से वे लगातार जिला प्रशासन और जनदर्शन में शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मामला केवल प्रशासनिक स्तर तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि तहसील न्यायालय तक भी पहुंचा। इसके बावजूद पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल सका। इसी कारण आदिवासी परिवार लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं और न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
