जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। “ऑपरेशन आघात” के तहत धरमजयगढ़ और खरसिया पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग स्थानों पर की गई रेड में कुल 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गापुर में एक युवक अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से महुआ शराब का भंडारण और बिक्री कर रहा है।
सूचना की पुष्टि होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग भाग निकले, जबकि आरोपी अनिल कुमार शर्मा (21), निवासी चांदपुरा खुर्द, जिला खगड़िया (बिहार), हाल मुकाम दुर्गापुर को पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2,500 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अवैध बिक्री की बात स्वीकार की।
खरसिया में भी कार्रवाई, 15 लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
इसी तरह खरसिया पुलिस को मालधक्का रोड क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मनोज धर्मा (32), निवासी मौहापाली को 15 लीटर महुआ शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत लगभग 3,000 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस का कड़ा संदेश अभियान रहेगा लगातार जारी
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने यह भी कहा कि नशे का अवैध कारोबार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह समाज में अपराध, पारिवारिक विघटन और अन्य सामाजिक बुराइयों को भी बढ़ावा देता है।
