Pithora gambling raid: दुकान की आड़ में चल रहा था जुआ, पुलिस की छापेमारी में 4 गिरफ्तार
Pithora gambling raid: पुलिस ने NH-53 किनारे दुकान की आड़ में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 33,980 रुपये नकद समेत बाइक, स्कूटी और मोबाइल सहित 1.43 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। जुआ फड़ का मुख्य संचालक फरीद खान फरार है।
Pithora gambling raid: राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के किनारे दुकान की आड़ में चल रहे जुआ फड़ पर पिथौरा पुलिस ने शनिवार शाम बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर चार जुआरियों को रंगे हाथों धर दबोचा, जबकि मुख्य जुआ संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी, वाहन और मोबाइल समेत करीब 1.44 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पिथौरा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 29 अगस्त की शाम करीब 4:40 बजे सूचना मिली थी कि NH-53 रोड पर स्थित शशिकांत प्रधान के ठेले/दुकान में कुछ लोग इकट्ठा होकर ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव (काट-पत्ती) लगा रहे हैं।
घेराबंदी कर 4 जुआरी को पकड़ा
सूचना की पुष्टि होते ही प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार मरकाम के नेतृत्व में पुलिस टीम शासकीय वाहन से मौके के लिए रवाना हुई। स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर पुलिस ने दुकान को चारों तरफ से घेर लिया और अचानक दबिश दी। पुलिस की घेराबंदी में ताश के 52 पत्तों पर दांव लगा रहे 4 जुआरी पकड़े गए, जबकि जुआ फड़ बैठाने वाला मुख्य आरोपी फरीद खान पुलिस को देखकर मौके से भाग निकला।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
नितेश कुमार अग्रवाल (35 वर्ष) – वार्ड नं. 11, पिथौरा
शशिकांत प्रधान (37 वर्ष) – बार चौक, पिथौरा (दुकान संचालक)
मनीष निषाद (29 वर्ष) – वार्ड नं. 05, रामसागरपारा, पिथौरा
महेंद्र साहू (35 वर्ष) – वार्ड नं. 12, पिथौरा
1.43 लाख से अधिक की सामग्री जब्त
- नगदी: 33,980 रुपये (फड़ और आरोपियों की जेब से)
वाहन: 2 पुरानी बाइक और 1 जुपिटर स्कूटी (अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये)
मोबाइल: 2 स्मार्टफोन (वीवो और सैमसंग, कीमत लगभग 10,000 रुपये)
अन्य: ताश की 52 पत्तियां
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
बरामद की गई कुल संपत्ति का अनुमानित मूल्य 1,43,980 रुपये बताया गया है। पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि लाखागढ़ निवासी फरीद खान (पिता करीम खान) ने ही शशिकांत की दुकान में जुआ फड़ बैठाया था और सभी को वहां खेलने के लिए बुलाया था। पुलिस ने इसे संगठित छोटे अपराध का रूप मानते हुए पकड़े गए चारों आरोपियों और फरार फरीद खान के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2), 5 तथा बीएनएस (BNS) की धारा 112 के तहत देहाती नालसी पर मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।