Police Action: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ढाबा संचालक से मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने थाना धरमजयगढ़ में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं आरक्षक विजय राठिया को रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को धरमजयगढ़ क्षेत्र के बिहारी ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे थे।
उन्होंने एसएसपी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि बुधवार रात थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित कुछ पुलिसकर्मी उनके ढाबे पर पहुंचे थे। शिकायत में बताया गया कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना।
प्रारंभिक जांच में मिली लापरवाही
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले की प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। जांच में उनके द्वारा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने की बात सामने आई है। वहीं आरक्षक विजय राठिया के संबंध में शिकायतकर्ता के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।SDOP को सौंपी गई विस्तृत जांच
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसएसपी ने SDOP धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें घटना से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
