भिलाई के खुर्शीपार इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मकान के अंदर संचालित जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया है। खुर्शीपार थाना पुलिस और ACCU टीम की संयुक्त कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 16 लाख 70 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है, जिसमें नगदी, कार, बाइक, मोबाइल फोन और जुआ खेलने का सामान शामिल है।पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क एवेन्यू क्वार्टर नंबर-6 स्थित एक मकान में कुछ लोग बड़े पैमाने पर पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान अंदर पांच लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए मिले, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
नगदी समेत लाखों की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 92 हजार 615 रुपए नकद, 52 पत्ती के दो ताश के गड्डे, दो कार, दो बाइक और कई मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा प्लास्टिक की कुर्सियां, टेबल और जुआ फड़ संचालित करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए वाहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार आरोपियों में जानकी रमैया (60), जितेंद्र सिंह (58), अशोक कुमार सोनी (45), मोहम्मद अनीस (51) और रवि कुमार (50) शामिल हैं। सभी आरोपी भिलाई और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इधर भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। कसाई मोहल्ला नाला के पास खुले स्थान पर जुआ खेल रहे 7 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने 52 पत्ती ताश और 1200 रुपए नकद बरामद किए हैं7 आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश
छावनी पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में दानिश कुरैशी, विरेन्दर चौहान, मोहम्मद चांद, मोहम्मद जाफर, रितिक कोलते, रेहान हुसैन और शेख अफरोज शामिल हैं। सभी आरोपी भिलाई के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।भिलाई पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
