दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 144 पौवा देशी शराब, एक स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 64,400 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सुजुकी एक्सेस स्कूटी (CG 07 BT 1967) से जुनवानी क्षेत्र में अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलते ही स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने परिया नाला, जुनवानी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी में मिली बड़ी मात्रा में शराब
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान मुकेश पाटिल (26) निवासी पावर हाउस, भिलाई, थाना छावनी, जिला दुर्ग के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके बैग से 144 पौवा शोले मसाला देशी शराब, कुल 25.920 बल्क लीटर, बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब को अपने कब्जे में ले लिया।
स्कूटी और मोबाइल भी किए जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी से 14,400 रुपये मूल्य की अवैध शराब, 40,000 रुपये कीमत की सुजुकी एक्सेस स्कूटी और 10,000 रुपये कीमत का विवो मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस तरह जब्त सामग्री का कुल मूल्य 64,400 रुपये आंका गया है।.
मुनाफे के लिए की जा रही थी अवैध बिक्री
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूटी में बैग रखकर अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहा था। पुलिस के अनुसार उसका उद्देश्य अधिक मुनाफा कमाने के लिए शराब की अवैध बिक्री करना था।
आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
लोगों से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।