दलहन खेती को बढ़ावा : महासमुंद में किसानों को बांटे गए उड़द के उन्नत बीज, फसल विविधीकरण पर जोर
महासमुंद जिले में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत किसानों को उन्नत किस्म के उड़द बीज वितरित किए गए। कृषि विभाग ने किसानों को दलहन खेती, बीज उपचार और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देकर धान के साथ अन्य फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
क
कीर्तिमान न्यूज
14 Jul 2026, 08:02 PM
महासमुंद
जिले में खरीफ सीजन के दौरान फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग किसानों को धान के अलावा दलहन और तिलहन फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत विभिन्न गांवों में किसानों को उन्नत किस्म के उड़द बीज का वितरण किया गया।
पाइकपारा और बोंदानवापली में हुआ बीज वितरण
योजना के तहत ग्राम पाइकपारा में आयोजित कार्यक्रम में जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-16 पद्मनी प्रदीप भोई की मौजूदगी में किसानों को उड़द बीज वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने किसानों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर धान के साथ-साथ दलहन और तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाएं। इसी तरह सरायपाली विकासखंड के ग्राम बोंदानवापली में जनपद पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल ने किसानों को आत्मनिर्भर दलहन योजना के तहत उड़द बीज प्रदान किए। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
कृषि अधिकारियों ने दी उन्नत खेती की जानकारी
किसानों को बांटे गए उड़द के उन्नत बीज
बीज वितरण कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले ने किसानों को उड़द की बेहतर खेती के तरीके बताए। किसानों को बीज उपचार, संतुलित उर्वरक उपयोग, समय पर बुवाई और फसल संरक्षण जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि केवल धान की खेती पर निर्भर रहने के बजाय दलहन और तिलहन फसलों को अपनाने से खेती में जोखिम कम होता है। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होने के साथ किसानों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी मिल सकता है।
फसल विविधीकरण से बढ़ेगी किसानों की आय
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे शासन की कृषि योजनाओं का लाभ लेकर दलहन और तिलहन फसलों का अधिक से अधिक उत्पादन करें। विभाग का लक्ष्य जिले में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना है।