Raipur Bus Accident: गुरुवार सुबह रिंग रोड पर एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने टैंकर की टक्कर लगने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने बस स्टॉप से जा टकराई। हादसे के वक्त बस में चालक समेत 7 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हादसा डीडी नगर थाना क्षेत्र में सुबह करीब 9 बजे हुआ। टक्कर के कारण बस के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है, वहीं बस स्टॉप का स्ट्रक्चर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
टैंकर की टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई बस
मिली जानकारी के अनुसार, जीवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक CG 04 E 3376 टाटीबंध से भाठागांव की ओर जा रही थी। ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने पहुंचने के दौरान बस की टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसा। हादसे की टक्कर इतनी तेज थी कि बस स्टॉप का ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि बस में सवार सभी 7 लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।पुलिस ने शुरू की जांच
डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे टैंकर की टक्कर के बाद यात्री बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप से टकराई। घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टैंकर की भूमिका कितनी थी, इसको लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

