Raipur Crime News: संतोषी नगर इलाके में एक 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के पिता के परिचित व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। घटना के बाद बच्ची ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी के चंगुल से खुद को छुड़ाया और वहां से भाग निकली। परिजनों की शिकायत के बाद टिकरापारा थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़ सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
चिप्स देने के बहाने घर में घुसने का आरोप
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। आरोप है कि पड़ोसी सुलेमान कुरैशी बच्ची के घर पहुंचा और उसे चिप्स देने के बाद उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। बच्ची ने इसका विरोध किया और आरोपी से खुद को छुड़ाकर बाहर निकल गई। इसके बाद उसने घटना की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी सुलेमान कुरैशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है। बच्ची से जुड़ी संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
