Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सिरफिरे मनचले का विरोध करना एक युवती के लिए भारी पड़ गया। युवती द्वारा छेड़छाड़ का विरोध किए जाने से आग बबूला हुए आरोपी ने उस पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। इस हमले में युवती बुरी तरह झुलस गई है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सनसनीखेज वारदात राजधानी के माना थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी वीरू धीवर काफी समय से युवती को परेशान और उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था।
बेहद मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना वाले दिन जब युवती ने आरोपी की हरकतों का कड़ा विरोध किया, तो वह आपा खो बैठा। आरोप है कि गुस्से से तिलमिलाए वीरू ने तुरंत पेट्रोल निकाला, युवती पर छिड़का और माचिस दिखा दी। युवती अचानक आग की लपटों से घिर गई और दर्द से चिल्लाने लगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और झुलसी हुई युवती को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शुरुआती जांच और पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) समेत गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
घटना का सही कारणों को समझने की कोशिश
आग की चपेट में आने से युवती के शरीर का काफी हिस्सा झुलस गया है और वह डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे पीड़िता के विस्तृत बयान लेने और घटना के सही कारणों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के भागने की दिशा और घटना के वक्त वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का पता लगाया जा सके।
आरोपी जल्द ही होगा सलाखों के पीछे
इसके अलावा पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पहले से कोई जान-पहचान या विवाद था। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

