Raipur Sports Academy: राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में नए प्रवेश और पुराने खिलाड़ियों के प्रवेश नवीनीकरण के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। यह ट्रायल 23 और 24 सितंबर को रायपुर में होंगे। इच्छुक खिलाड़ी 23 सितंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि अंकित प्रमाणित अंकसूची साथ लाना अनिवार्य होगा।खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी और बालिका फुटबॉल के लिए चयन प्रक्रिया 23 सितंबर को आयोजित की जाएगी। तीरंदाजी खिलाड़ियों का ट्रायल तीरंदाजी एरिना (बालिका खेल छात्रावास के सामने) और फुटबॉल खिलाड़ियों का ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में होगा। इस दौरान खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेजों की जांच, मेडिकल परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल का मूल्यांकन किया जाएगा।
हॉकी और एथलेटिक्स खिलाड़ियों का चयन 24 सितंबर को
वहीं गैर-आवासीय बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए चयन ट्रायल 24 सितंबर को आयोजित होंगे। यह प्रक्रिया स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पिच-02 में सुबह 7 बजे से शुरू होगी। इन खेलों में भी खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सा जांच, फिटनेस टेस्ट और खेल प्रतिभा का आकलन किया जाएगा।13 से 17 वर्ष के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
चयन ट्रायल में छत्तीसगढ़ के साथ ही अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले सकते हैं। खिलाड़ियों का चयन उनकी खेल प्रतिभा और प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा सुविधा और छात्रवृत्ति शामिल हैं।

